आदित्यपुर: नगर निकाय चुनाव की तिथि नजदीक आते ही आदित्यपुर में मेयर पद की तस्वीर साफ होती दिख रही है. मैदान में नौ उम्मीदवार हैं, लेकिन सावित्री लेयांगी को व्यापक जनसमर्थन मिलता नजर आ रहा है. गम्हरिया से आदित्यपुर तक उनके जनसंपर्क अभियान में समर्थकों की भीड़ उमड़ रही है.

आदित्यपुर पान दुकान चौक के पास पहुंचने पर बुधवार को कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. स्थानीय मतदाता छोटू उपाध्याय ने कहा कि सावित्री लेयांगी एक शिक्षित और योग्य प्रत्याशी हैं, जो ब्रह्मा कुमारिज से जुड़ी रही हैं और समाजसेवा को अपना ध्येय बनाया है. क्षेत्र के आदिवासी समुदाय का भी उन्हें समर्थन मिल रहा है. गम्हरिया निवासी और पूर्व प्रत्याशी सनातन हांसदा ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम में एक आदिवासी महिला महापौर का चयन गर्व का विषय होगा.
वहीं अन्य प्रत्याशियों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने की चर्चा है. सूत्रों के अनुसार एक सभा में भीड़ कम रही, जबकि सावित्री लेयांगी के कार्यक्रमों में उत्साह देखा जा रहा है. ज्ञात हो कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन का समर्थन प्राप्त है. वे नगर निगम क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता और जनसुलभ प्रशासन के मुद्दों पर वोट मांग रही हैं.

