आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai रविवार की रात कुड़मी समाज के स्थानीय नेता लालटू महतो और दिंदली बस्ती निवासी तरुण दास के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ गया है. दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर हमला और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब आठ से नौ बजे के बीच तरुण दास आदित्यपुर फुटबॉल मैदान के पास बन रहे पंडाल स्थल पर मौजूद थे. इसी दौरान उनकी लालटू महतो से बातचीत हुई जो पुराने विवाद के कारण कहासुनी में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान लालटू महतो के अंगरक्षक और सहयोगियों ने तरुण दास के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. धमकी में कहा गया कि “तुम्हें घर में घुसकर मारेंगे.”
वहीं दूसरी ओर लालटू महतो और उनके सहयोगियों का कहना है कि रात करीब 9 बजे तरुण दास शराब के नशे में पंडाल स्थल पर गाली- गलौज कर रहे थे. इस दौरान उन्हें समझाकर आधे रास्ते तक घर छोड़ने की कोशिश की गई. लेकिन सुबह मोबाइल पर जानकारी मिली कि तरुण दास ने उन पर उल्टा एफआईआर दर्ज करा दी है.
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. स्थानीय स्तर पर यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है.

