गम्हरिया: आदित्यपुर- कांड्रा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के माध्यम से बिना ढंके डस्ट ले जाने का गुरूजी विचार मंच ने कड़ा विरोध किया है. मंच के सदस्यों ने ऊषा मोड़ के समीप दो ऐसे भारी वाहनों को रोका, जिनमें खुलेआम बिना ढंके डस्ट का परिवहन किया जा रहा था.

गुरूजी विचार मंच के संयोजक राम हांसदा ने कहा कि इस तरह के डस्ट परिवहन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है. सड़क पर उड़ती धूल से आम लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है. वहीं राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि नियमों के बावजूद खुले डस्ट का परिवहन किया जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है. मंच ने प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में डस्ट ढंके बिना परिवहन करने पर कठोर दंड का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए.

