आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इंडस्ट्रियल फेज दो स्थित जेएमटी ऑटो लिमिटेल (अब आरकेएफएल) के श्रमिकों के नियोजन और फाइनल सेटलमेंट की मांग को लेकर शुक्रवार को कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. इनकी मांग है कि आरकेएफएल प्रबंधन द्वारा कंपनी में काम शुरू करने के बाद भी उनका न तो समायोजन किया गया न ही उनका फाइनल सेटलमेंट दिया गया जिससे उनके समक्ष घोर आर्थिक तंगी उत्पन्न हो गई है.

मजदूरों ने बताया कि प्रबंधन द्वारा उन्हें मंदी का हवाला देकर स्थिति में सुधार होने तक इंतजार करने का आश्वासन दिया जा रहा है जबकि प्लांट शुरू कर दिया गया है. बताया कि प्रबंधन द्वारा कहा गया कि जब नई मशीनें लगेंगी तब उनका समायोजन किया जाएगा. हालांकि प्रबंधन ने मीडिया से दूरी बनाए रखा और अपना पक्ष नहीं रखा. विदित हो कि जेएमटी ऑटो लिमिटेल बंद होने के बाद आरकेएफएल ग्रुप ने कंपनी का सशर्त अधिग्रहण किया है जिसके तहत पुराने मजदूरों का समायोजन और सेटलमेंट देना है. ऐसे में आरकेएफएल प्रबंधन यदि काम शुरू कर रहा है और पुराने मजदूरों का समायोजन नहीं कर रहा है तो कहीं न कहीं एनसीएलटी के आदेश की अवहेलना है. आगे देखना यह दिलचस्प होगा कि प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाती है.

