आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आदित्यपुर नगर कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक से मुलाक़ात कर एक ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के कई गांवों की अधिग्रहित ज़मीन से जुड़े रैयत परिवारों की समस्याओं को उठाया.

उन्होंने कहा कि वर्षों पहले इन परिवारों की ज़मीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए अधिग्रहित की गई थी, लेकिन आज तक न तो उन्हें स्थायी नौकरी मिली है, न मुआवजा और न ही कोई सरकारी सुविधा. कई ज़मीनें अब भी खाली पड़ी हैं, जहां कोई उद्योग स्थापित नहीं हुआ है, फिर भी वह ज़मीन रैयतों को वापस नहीं दी जा रही है. जिन परिवारों की ज़मीन आयडा ने एनआईटी जमशेदपुर और आवास बोर्ड को दी है, उन्हें भी कोई लाभ या नौकरी नहीं दी गई है. झामुमो ने मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को अधिग्रहण का प्रमाण पत्र दिया जाए, वर्तमान दर पर मुआवजा भुगतान हो और उन्हें सरकारी नियम के तहत निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण का लाभ दिलाया जाए. पार्टी ने चेताया कि अगर समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा. इस मौके पर नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, उपाध्यक्ष राजेश लाहा, नगर उपाध्यक्ष लालबाबू सरदार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.

