आदित्यपुर/ Parmeshwar Gori जनकल्याण मोर्चा की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को मोर्चा कार्यालय में अध्यक्ष एवं अधिवक्ता ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई जिसमें संस्था की मुख्य संरक्षक एवं आदित्यपुर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती राधा शांडिल, डॉ. लालमोहन महतो, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी, उपाध्यक्ष श्रीमती रंजनी मिश्रा, सचिव पांडी मुखी, अधिवक्ता अजय कुमार सिंह, अशोक कुमार, संजय कुमार राम, विष्णु देवगिरी और मनोज झा सहित कई लोग उपस्थित रहे. हालांकि भारी बारिश के कारण कुछ सदस्य व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके.

बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा 11 अगस्त 2025 को जनकल्याण मोर्चा की जनहित याचिका WP (PIL) 3629/2023 पर दिए गए आदेश का स्वागत किया गया. अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सीवेज, गैस पाइपलाइन और टेलीफोन विभाग द्वारा की गई खुदाई और पाइपलाइन बिछाने की स्थिति की जांच कर चार सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.
बैठक में जुडको द्वारा वर्ष 2018 में घोषित पेयजल योजना पर भी चर्चा हुई. उस समय 500 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने की घोषणा की गई थी. लेकिन उच्च न्यायालय को हाल ही में बताया गया कि अब तक 415.7 किलोमीटर पाइपलाइन ही बिछाई गई है. इसके बावजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि कई मोहल्लों और वार्डों में अभी तक पानी का पाइप नहीं पहुंचा है. इनमें वार्ड संख्या 26 का बाउरी पाड़ा, हरिजन बस्ती और मुखी बस्ती, वार्ड 32 के रोड नंबर 15 से 19, वार्ड 28 का अंबेडकर नगर, वार्ड 23 का साई नगर और अशोक नगर, वार्ड 17 का जयप्रकाश उद्यान और काली मंदिर के पीछे का क्षेत्र शामिल है. इसी प्रकार हरिओम नगर और आसपास की कई कॉलोनियों तक भी पाइपलाइन नहीं पहुंची है.
मोर्चा ने नगर निगम क्षेत्र के आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनके मोहल्ले या घर तक पेयजल पाइपलाइन नहीं पहुंची है तो वे तत्काल नगर निगम में अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 22 सितंबर 2025 से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए प्रशासन सभी पूजा पंडालों तक जाने वाले रास्तों, विसर्जन घाटों और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी समय रहते सुनिश्चित करे. विशेष रूप से सभी स्ट्रीट लाइट्स को तत्काल चालू कराने की मांग की गई.
इसके अलावा बैठक में मोर्चा ने हाल ही में आरआईटी थाना क्षेत्र के दो प्रमुख दुर्गा पूजा समिति अध्यक्षों- इच्छापुर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुभाष महतो और रोड नंबर 7 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बीएन सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की.

