आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के महानायक शिबू सोरेन को औद्योगिक संगठनों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी है. आदित्यपुर स्थित एसिया भवन में मंगलवार को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में उद्यमी संगठन एसिया, लघु उद्योग भारती समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

सभा की अध्यक्षता एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने की. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन एक ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए संघर्ष की मिसाल कायम की. एक साधारण आदिवासी परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने साहूकारों के शोषण के खिलाफ आवाज़ उठाई और आदिवासी समाज को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया.
इंदर अग्रवाल ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन शिबू सोरेन के अथक प्रयासों का ही परिणाम था. उनका निधन केवल राजनीतिक क्षति नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक क्षति भी है. उन्होंने कहा, “हमने एक महान सपूत खो दिया है. भगवान से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले और झारखंडवासियों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले.”
श्रद्धांजलि सभा में इंदर अग्रवाल, संतोष खेतान, प्रवीण गुटगुटिया, दशरथ उपाध्याय, राजीव रंजन मुन्ना, संजय सिंह, विनोद शर्मा, स्वपन मजूमदार, राजकुमार संघी, पिंकेश महेश्वरी, दिलीप गोयल, विकास चंद्रा, अनिल विश्वकर्मा, सुबोध सिंह, आशीष अग्रवाल, रमेश खंडेलवाल, कौशल अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, सरदार रविंद्र सिंह और सुमित मेहता प्रमुख रूप से उपस्थित थे. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

