आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना क्षेत्र के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ऑटो प्रोफाइल लिमिटेड यूनिट-3 में शुक्रवार सुबह उस वक्त तनाव फैल गया, जब एक मृतक श्रमिक का शव लेकर परिजन और साथी मजदूर कंपनी गेट के सामने धरने पर बैठ गए.

मृतक की पहचान शांतनु बेहरा के रूप में हुई है. वे मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले थे और फिलहाल जुलुमटाड़, आदित्यपुर में परिवार के साथ रह रहे थे. परिजनों के मुताबिक, शांतनु मंगलवार की सुबह नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे. तभी केंदु गाछ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज़ टक्कर मार दी.

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में उन्हें टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हादसे के तीन दिन बाद शुक्रवार सुबह परिजन शव लेकर कंपनी गेट पहुंचे और धरना- प्रदर्शन शुरू कर दिया.
परिजनों का कहना है कि इलाज में लगभग ढाई से तीन लाख रुपये का खर्च आया है, जिसके लिए अब वे कंपनी से मुआवजे की मांग कर रहे हैं. वहीं, बड़ी संख्या में मजदूर भी परिजनों के समर्थन में धरने पर बैठ गए हैं.
समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा था, जिससे परिजनों और कंपनी के बीच बातचीत नहीं हो पाई है. मजदूरों में कंपनी के रवैये को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. वे आर्थिक सहायता और मृतक के परिजन को नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं.

