आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इंडस्ट्रियल एरिया के फेज तीन स्थित टफसील इंडिया प्रालि. कंपनी में काम के दौरान स्थायी श्रमिक योगेंद्र गोराई (47) की मौत हो गयी. मामले की सूचना के बाद भी कंपनी के मालिक या प्रबंधन के उच्च अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया. उसके बाद घटना की जानकारी परिजनों ने जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी को दी. सूचना मिलते ही प्रेम मार्डी अपनी पूरी टीम के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचे और शव लेकर कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गए.

प्रेम मार्डी ने बताया कि मृत मजदूर सीनी के रहने वाले हैं. आज सुबह ए शिफ्ट ड्यूटी में आए थे. जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. कंपनी के साथी कामगारों ने उन्हें ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उसके बाद प्रबंधन द्वारा मृतक के शव को एमजीएम अस्पताल के शीत गृह में रखवा दिया गया. इस बीच ना तो प्रबंधन की ओर से कोई सामने आया ना ही कंपनी के मालिक ने ही संवेदना प्रकट की. जिससे परिजनों में मायूसी है.

उन्होंने मृतक के आश्रित को 20 लख रुपए का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी एवं बच्चों के भरण- पोषण की जिम्मेदारी उठाने की मांग की. हालांकि देर रात तक जब कंपनी के मालिक नहीं पहुंचे तब प्रशासनिक अनुरोध पर प्रेम मार्डी ने मृतक़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया. उन्होंने चेतावनी दिया है कि यदि मृतक के परिवार के साथ न्याय नहीं हुआ तो पोस्टमार्टम के बाद शव को पुनः कंपनी गेट पर लाकर रख दिया जाएगा. बताया जाता है कि मृतक के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. बताया जाता है कि विगत तीन- चार वर्षो से कंपनी में प्रबंधन एवं मजदूरों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं. मजदूर की मौत कैसे हुई यह भी जांच का विषय है.

