आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज 7 स्थित गुप्ता पॉलीट्यूब यूनिट दो में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ है. जहां काम कर रहे मजदूर अर्जुन विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन- फानन में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.

बताया जाता है कि अर्जुन विश्वकर्मा हाइड्रोलिक मशीन का प्लेट लगा रहे थे इसी दौरान प्लेट गिरने से उनका दाहिना हाथ दब गया. गंभीर रूप से घायल अर्जुन विश्वकर्मा का टाटा मुख्य अस्पताल के 4 ए बेड नंबर- 13 में ईलाज चल रहा है. इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर संपर्क स्थापित नहीं हो सका. बताया जा रहा है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है. वहीं इस मामले को लीपा- पोती करने का प्रयास भी किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है. अर्जुन विश्वकर्मा आदित्यपुर बाबा कुटी निवासी वीरेंद्र मंडल के घर किराए में रहते हैं. घटना के बाद परिजनों में मायूसी छाई हुई है. वैसे सवाल उन अधिकारियों पर भी उठ रहा है जो कंपनियों की नियमित जांच के नाम पर खाना पूर्ति करते हैं.

