आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति लगातार हादसों का कारण बनती जा रही है. कई स्थानों पर सड़कें धंस चुकी हैं और बड़े- बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, मजदूरों और भारी वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ये गड्ढे साफ नजर नहीं आते हैं.

इस वजह से दुर्घटनाओं का खतरा और अधिक बढ़ जाता है. कई जगह टूटे हुए कंक्रीट और बाहर निकले लोहे के सरिए राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं. स्थानीय लोगों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मियों द्वारा बार- बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़कों की स्थायी मरम्मत नहीं कराई जा रही है.
लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों मजदूर और वाहन इन सड़कों से गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है.
गौरतलब है कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र अब धीरे-धीरे सैन्य उपकरण और रेलवे के सेक्टर में पूंजी निवेश की ओर कदम बढ़ा रही है. मगर जिस तरह से यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर धराशाई हो रहा है यदि समय रहते इस और ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में न केवल उद्योग धंधे बल्कि पूंजी निवेश पर भी बड़ा असर पड़ेगा.

