आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल हुए सरायकेला विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी रहे गणेश महाली पर अपने 40- 50 समर्थकों के साथ मिलकर नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स के समीप सालडीह बस्ती रोड स्थित एक जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा है.


विवेक उपाध्याय नामक युवक ने थाने में मामला दर्ज कराया है. साथ ही एक सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है जिसमें सरकारी बॉडीगार्ड और अपने समर्थकों के साथ झामुमो नेता गणेश महाली द्वारा उनकी जमीन पर लगा ताला तोड़ा जा रहा है. विरोध करने पहुंचे जमीन के मालिक को भद्दी- भद्दी गालियां और धमकी भी दी गई. इस दौरान गुंडों ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले. ताला तोड़ने के बाद झामुमो नेता के इशारे पर बाउंड्रीवॉल का रंग भगवा से हरा करवा दिया गया और पार्टी का झंडा टांग दिया गया. मजे की बात तो यह है कि इस पूरी घटना की सूचना पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची मगर क्या हिम्मत की झामुमो नेता के इस दबंगई का विरोध कर सके.
इधर जमीन मालिक विवेक उपाध्याय ने पुलिस को आवेदन देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. विवेक उपाध्याय ने बताया कि गणेश महाली द्वारा विगत कई वर्षों से उन्हें परेशान किया जा रहा है. जब वह भाजपा में थे उसे वक्त जबरन उनके जमीन पर बीजेपी का झंडा टांग कर बाउंड्रीवाल को भगवा रंग कर दिया जाता था. आज जब वे झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हुए हैं तब झारखंड मुक्ति मोर्चा का झंडा टांगकर बाउंड्री में हरा रंग करवा कर जमीन छोड़ने की धमकी दी जा रही हैं. उन्होंने बताया यह जमीन उन्होंने अर्जुन सिंह वालिया से एग्रीमेंट कराया है.
इधर खुद पर लगे आरोपों को झामुमो नेता ने सिरे से खारिज करते हुए जमीन को अपना बताया है. उन्होंने कहा कि साल 2023 में श्रीकांत कुंभकार से 2200 वर्गफीट जमीन खरीदा है जिसका उनके पास पूरा प्रमाण है. उन्होंने कहा कि उनके ऊपर गुंडागर्दी का आरोप लगा कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है.
वही इस मामले पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि जमीन विवाद का मामला संज्ञान में आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी को संज्ञान में दिया गया है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. उन्होंने दोनों पक्षों को जांच होने तक शांति बनाए रखने का निर्देश दिया है. मामला चाहे जो हो देखना यह दिलचस्प होगा कि इंसाफ की तराजू में कौन भारी पड़ता है.

