आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के वार्ड नंबर 10 विद्युत नगर में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण करीब 17 परिवारों के घर ढह गए. बारिश इतनी तेज थी कि कई घर पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए. इन गरीब परिवारों के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है. वहीं कई अन्य घरों में भी आंशिक क्षति पहुंची है.

बारिश से हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही झारखंड आदिवासी संगठन के महासचिव रविंद्र बास्के ने आज इलाके का दौरा किया. उन्होंने टूटे हुए घरों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. इस दौरान ग्रामीणों के साथ एक बैठक भी की गई. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में पीड़ित परिवारों की समस्या समाधान के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा. महासचिव रविंद्र बास्के ने कहा कि प्रशासन को जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि उनका जीवन सामान्य हो सके.

