आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में पिछले एक सप्ताह से कचरा उठाव बंद होने के कारण उत्पन्न अव्यवस्था के खिलाफ आदित्यपुर के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा. उपायुक्त की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी के कार्यालय में जाकर समस्या से अवगत कराया.

जनकल्याण मोर्चा की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कचरा उठाव बंद होने के कारण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है. कई जगहों पर सड़कों पर कचरा जमा होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल में हुई बारिश के बाद सड़कों की स्थिति और भी खराब हो गई है. जगह-जगह जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है और लोगों का चलना मुश्किल हो गया है. मोर्चा ने मांग की कि जमा कचरे को तत्काल हटाया जाए और प्रभावित स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए. साथ ही मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग मशीन चलाने की भी मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की महामारी की आशंका को रोका जा सके.
प्रतिनिधिमंडल में जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह, अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह और सुश्री श्वेता महतो शामिल थे.
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने तत्काल अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर नगर निगम से बात कर सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से चालू रखने का निर्देश दिया. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कचरा निष्पादन के लिए जमीन की कमी का मुद्दा भी उठाया. इस पर एडीसी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है और वे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे.

