आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिले से होकर गुजरने वाली हावड़ा- मुंबई रेलखंड पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आदित्यपुर- गम्हरिया रेलमार्ग पर बास्कोनगर के समीप अर्द्धनग्न अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को रेलवे पटरी पर सुलाए जाने की आशंका जताई जा रही है.

स्थानीय लोगों ने रेल लाइन के किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर इसी आदित्यपुर- गम्हरिया रेलखंड पर दो युवक और एक युवती के शव मिलने से इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है. लगातार मिल रहे शवों ने स्थानीय लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि यह महज संयोग नहीं बल्कि किसी संगठित आपराधिक गतिविधि की ओर इशारा कर रहा है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है, वहीं आसपास के थाना क्षेत्रों में लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है. लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र की कानून- व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

