आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज के समीप स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार यह मामला चार दिन पूर्व हरिओम नगर में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. उस घटना में संजय कुमार के 15 वर्षीय बेटे की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी गई थी. पिटाई का आरोप वार्ड 17 से प्रत्याशी रहे अमित रंजन उर्फ शानू सिंह, उसके भाई अमन सिंह, ऋषि तिवारी और अन्य लोगों पर लगा था. घायल किशोर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि उस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन बाद में काउंटर केस होने के कारण मामला ठंडे बस्ते में चला गया.
इसी बीच शनिवार को संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आ गई. स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना के पीछे भी उसी विवाद की कड़ी जुड़ी हो सकती है. घटना के प्रत्यक्षदर्शी रवि कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार चार अपराधी अचानक दुकान के सामने पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी-अपनी दुकानों और घरों में छिप गए. उधर घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है.

