आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 17 स्थित प्रभात पार्क के निकट एक झोपड़ीनुमा दुकान में शुक्रवार तड़के करीब 4.20 बजे अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि 11 हजार वोल्ट के बिजली तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी.

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद नीतू शर्मा मौके पर पहुंचीं और तत्काल इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग तथा आदित्यपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
आग की इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई. दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान से बचा लिया गया.
वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अग्निशमन विभाग की टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की कई दुकानों में भी आग फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था. पार्षद ने प्रभावित दुकानदार को हर संभव सहायता दिलाने और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कराने की भी बात कही. उन्होंने प्रभात पार्क के आसपास संचालित दुकानदारों से बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की.

