आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दिंदली सार्वजनिक टुसू पूजा कमिटी की ओर से रविवार को फुटबॉल मैदान, आदित्यपुर में भव्य टुसू मेला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मेले में पहुंचे और उत्साह के साथ आयोजन का आनंद लिया.

मेले में विभिन्न क्षेत्रों से लाई गई टुसू की आकर्षक प्रतिमाओं ने लोगों का मन मोह लिया. पूरे फुटबॉल मैदान में भारी भीड़ देखी गई, जहां लोग टुसू पर्व से जुड़ी सांस्कृतिक झलकियों को देखने और पारंपरिक कार्यक्रमों का आनंद लेने पहुंचे थे.

मेले में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू, जिला परिषद की पूर्व सदस्य सारथी महतो, भाजपा नेता बास्को बेसरा, झामुमो के जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन तथा विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास बतौर अतिथि उपस्थित रहे.
उल्लेखनीय है कि टुसू पर्व झारखंडी अस्मिता से जुड़ा एक पवित्र पर्व है और यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है. मेले के दौरान आमंत्रित टीम द्वारा झुमूर संगीत की मनभावन प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
इस अवसर पर कमिटी के अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि टुसू मेला हमारे पूर्वजों की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज भी गांव और शहर में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी संस्कृति को संजोकर रखें और इसे कभी न भूलें. उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष फुटबॉल मैदान में टुसू मेला का आयोजन किया जाता है.
मेले में गुरजीत सिंह, रितेन महतो सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

