आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत नगर पुराना बस्ती में बुधवार देर शाम अपराधियों ने राहुल कुमार पंडित की स्कॉर्पियो (संख्या JH05U-1899) में जमकर तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. बताया जा रहा है कि यह घटना हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है.

बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम दीपू मिश्रा, राममणि कुशवाहा और धीरज सिंह अपने 20 से 25 समर्थकों के साथ राहुल पंडित के घर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की. आरोप है कि इस दौरान अपराधियों ने राहुल की मां और बहन पर पिस्टल तानकर पहले से दर्ज केस को उठाने की धमकी भी दी. घटना के बाद पूरे परिवार में भय और दहशत का माहौल है.
गौरतलब है कि राहुल पंडित ने बीते वर्ष 18 दिसंबर को आदित्यपुर थाना में दीपू मिश्रा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए जान का खतरा बताया था. राहुल का आरोप था कि दीपू मिश्रा लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है. शिकायत दर्ज हुए करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी.
इसी बीच बुधवार को हुई इस तोड़फोड़ की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बावत पूछे जाने पर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि शर्मा बस्ती की तरफ से कुछ सूचना मिली है मैं थाने में नहीं हूं इसलिए स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं बता सकता.
आपको बता दें कि राहुल पंडित का भी पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह विक्की नंदी के साथ केस पार्टनर रह चुका है. फिलहाल इस घटना के बाद एक ओर जहां इलाके में दहशत है वहीं लंबे समय से शांत आदित्यपुर में ख़ूनी टकराव की परिष्ठभूमि भी तैयार होता नजर आ रहा है.

