आदित्यपुर/ Parmeshwar Singh थाना अंतर्गत पान दुकान चौक के समीप शनिवार की शाम उस वक्त अफरा- तफरी मच गई जब ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के छोटे पुत्र यश सिंह पर एक 407 वाहन चालक ने हमला कर दिया. हमले में यश सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम यश सिंह की कार में एक 407 चालक ने हल्की टक्कर मार दी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. बताया जा रहा है कि विधायक पुत्र और उनके समर्थकों ने चालक की पिटाई कर दी, जिससे आक्रोशित होकर चालक ने गाड़ी में रखे डंडे से पलटवार करते हुए यश सिंह पर हमला कर दिया.
घटना की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायल चालक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने बताया कि दोनों पक्षों से लोग घायल हुए हैं. आवेदन मिलने पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करेगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

