आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai कांग्रेस नेता और सरायकेला- खरसावां जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अम्बुज कुमार के साथ मारपीट मामले में नाटकीय मोड़ सामने आया है. जहां आदित्यपुर पीएचडी कॉलोनी निवासी रोहित कुमार महतो ने आदित्यपुर थाना में दिए आवेदन में बताया कि 17 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे वह अपने दोस्त अफरीदी अंसारी के साथ शेर-ए-पंजाब सर्विस रोड स्थित विकास जनरल स्टोर के पास गाड़ी खड़ी कर खाने- पीने का सामान खरीद रहा था. उसी दौरान अम्बुज कुमार अपने सात- आठ समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और कार हटाने को कहा.

रोहित के मुताबिक, उसने कहा कि रास्ता खाली है, आप गाड़ी निकाल लीजिए. इतना सुनते ही अम्बुज कुमार के समर्थक कार से उतर गए और बोले, “पहचानता नहीं है क्या ?” इसके बाद हाथापाई शुरू हो गई. आरोप है कि समर्थकों ने लोहे की रॉड और डंडों से रोहित और उसके दोस्त अफरीदी पर हमला कर दिया. मारपीट में रोहित के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. रोहित ने दावा किया कि आरोपी उसे मारते हुए अपनी गाड़ी में बिठाकर आदित्यपुर थाना ले गए और वहां भी उसकी बेरहमी से पिटाई की. उसने यह भी कहा कि हमलावर नशे में थे और सभी के हाथों में लोहे की छड़ें व अन्य हथियार थे. इस घटना में अफरीदी अंसारी को भी चोटें आई हैं.
मालूम हो कि शुक्रवार को ही अम्बुज कुमार ने भी पुलिस में आवेदन देकर कहा है कि उनपर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला किया था. पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. वैसे इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. रोहित का आरोप है कि कांग्रेसी नेता के प्रभाव के चलते थाना परिसर में भी उसकी पिटाई हुई, जिससे पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल आदित्यपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कहा जा रहा है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

