आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai गुमटी बस्ती स्थित चुना भट्टा मैदान को बचाने को लेकर चुना भट्टा मैदान बचाओ संघर्ष समिति की कोर कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार शाम चुना भट्टा हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता सुमित कुमार गोराई ने की. इस दौरान चुना भट्टा मैदान से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में बस्तीवासियों ने बताया कि सरायकेला- खरसावां जिला के भूमि सुधार उपसमाहर्ता न्यायालय, सरायकेला में लगान निर्धारण वाद संख्या 01/2018-19, मौजा आदित्यपुर, थाना संख्या 129, खाता संख्या 48, प्लॉट संख्या 1424, रकबा 0.62 एकड़ को निरस्त कराने की मांग को लेकर भाजपा नेता सह समिति के सचिव विशु महतो के नेतृत्व में 22 जुलाई 2025 को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के जनता दरबार में परिवाद दर्ज कराया गया था.
बताया गया कि उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपर उपायुक्त को दो बिंदुओं पर जांच का निर्देश दिया था. इसके आलोक में अपर उपायुक्त द्वारा पत्रांक 2233, दिनांक 28 जुलाई 2025 को भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सरायकेला को निर्देशित किया गया कि गुमटी बस्ती चुना भट्टा वार्ड संख्या 20, थाना आदित्यपुर निवासी विश्वनाथ महतो उर्फ विशु द्वारा दायर आवेदन पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
इसके बाद भूमि सुधार उपसमाहर्ता सरायकेला द्वारा पत्रांक 567 (रा०), दिनांक 20 अगस्त 2025 को अंचल अधिकारी, गम्हरिया को जांच के लिए भेजा गया. अंचल कार्यालय के कर्मचारियों एवं आमीन द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया, लेकिन चार माह बीत जाने के बावजूद अब तक जांच प्रतिवेदन वरीय पदाधिकारियों को नहीं भेजा गया है. बस्तीवासियों ने इसे वरीय अधिकारियों के आदेश की खुली अवहेलना बताया.
बैठक में आरोप लगाया गया कि लगभग पांच वर्षों से गलत दस्तावेजों के आधार पर उक्त भूमि को रैयती भूमि घोषित कर रखा गया है, जिसे अब तक निरस्त नहीं किया जाना संबंधित पदाधिकारियों के लिए शर्मनाक है. बस्तीवासियों ने स्पष्ट कहा कि यदि एक माह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रेषित कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
बैठक में मुक्ति लोहरा, विष्णु लोहरा, तारापदो तंतुबाई, लाल मोहन महतो, विश्वनाथ लोहरा, दीपक मुखर्जी, उत्तम पात्रो, नरेश रजक, दिलीप यादव, कालीचरण लोहरा, लुलु लोहरा सहित बड़ी संख्या में बस्तीवासी उपस्थित थे.

