आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 11 अंतर्गत भाटिया बस्ती में एक कथित बच्चा चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.


जानकारी के अनुसार आनंद विहार रोड नंबर 9 निवासी एक परिवार के बच्चे को कथित रूप से पड़ोसी रंजीत मंडल के घर में बीते मंगलवार सुबह करीब 5 बजे से बंधक बनाकर रखा गया था. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में संदेह गहराने लगा.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपित परिवार ने बच्चे की तलाश का नाटक कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की. पूछताछ के दौरान यह भी कहा गया कि बच्चा बाहर से लाकर दे दिया जाएगा, जिससे लोगों का शक और बढ़ गया.
बढ़ते आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने आरोपी के घर का दरवाजा खुलवाया, जहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया. इस घटना के बाद बस्ती में भारी तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चे को तंत्र-मंत्र या किसी कथित साधना के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था. घर के पूजा स्थल में दक्षिण दिशा की ओर स्थापित काली मां की मिट्टी की मूर्ति मिलने से संदेह और गहरा गया है. हालांकि इस संबंध में प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित परिवार को 24 घंटे के भीतर बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम दिया है. वार्ड पार्षद मंजू देवी की मौजूदगी में गुरुवार को इस मुद्दे पर बैठक भी हुई, जिसमें लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके. विदित हो कि विगत छः माह पूर्व जमशेदपुर के गाढ़ाबासा में इसी तरह का एक मामला प्रकाश में आया था जहां तंत्र साधना के चक्कर में एक बच्चे की बलि दे दी गई थी. इस घटना को भी उसी एंगल से देखा जा रहा है.

