आदित्यपुर: लोक आस्था के महा छठ पर्व की तैयारी का जमीनी जायजा लेने के लिए सरायकेला- खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शुक्रवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उप प्रशासक श्रीमती पारुल सिंह, कार्यपालक अभियंता पंकज झा, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक रोड नंबर 32 आदित्यपुर दो स्थित मुख्य छठ घाट पहुंचे. उपायुक्त ने घाट की साफ- सफाई, पथ प्रकाश, सुरक्षा एवं सुविधाओं की समीक्षा की. उन्होंने अत्यधिक ढलान वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

उपायुक्त ने बताया कि जहां नदी में पानी गहरा है, वहां नगर निगम की ओर से संकेतक बैलून लगाए जाएंगे. साथ ही व्रतधारियों से अपील की गई कि वे बैलून से आगे गहरे पानी की ओर न जाएं. उन्होंने कहा कि आपात स्थिति के लिए घाटों पर कुशल तैराकों की भी व्यवस्था की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए ताकि सड़क जाम न हो और यातायात सामान्य बना रहे. उन्होंने पुलिस और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया. प्रशासन ने आम जनता से शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में महा छठ पर्व मनाने की अपील की.

निरीक्षण के दौरान जनकल्याण मोर्चा एवं झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, शांति समिति के सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश धारी, सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण प्रसाद, अभिजीत कुमार सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे.
ज्ञात हो कि रोड नंबर 32 आदित्यपुर छठ घाट की साफ- सफाई, पथ प्रकाश, साउंड सिस्टम, तोरण द्वार, चेंजिंग रूम और घाट सजावट की तैयारियां सामाजिक संगठनों जनकल्याण मोर्चा, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एवं भगवती संघ के संयुक्त तत्वावधान में की जा रही हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
