आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai छठ पूजा को देखते हुए आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में स्थाई छठ घाट निर्माण की मांग उठने लगी है. इसी को लेकर आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को प्रशासक रवि प्रकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा.

पुरेंद्र ने बताया कि आदित्यपुर की आबादी करीब 2.5 लाख है और 50000 से अधिक हाउसहोल्ड हैं. नगर निगम क्षेत्र तीन ओर से खरकई नदी से घिरा हुआ है, जहां हर साल बड़ी संख्या में छठव्रती खरकई नदी के आदित्यपुर तट पर छठ पूजा करती हैं. भीड़ और बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए कई लोग घरों के सामने अस्थाई गड्ढे बनाकर छठ पूजा करते हैं. पूर्व उपाध्यक्ष ने वार्ड संख्या 32 के रोड नंबर 15, 16/ 17, 18, 19 और अन्य सभी वार्डों में दो- दो स्थाई छठ घाट के निर्माण की मांग की. इसके लिए उन्होंने आर्किटेक्ट द्वारा तैयार किया गया डिजाइन, ड्राइंग और मटेरियल एस्टीमेट भी प्रशासक को सौंपा.
प्रशासक रवि प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से लिया और कार्यपालक अभियंता को प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ पूजा 2025 से पूर्व यथासंभव स्थानों पर स्थाई छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा और बाकी स्थानों पर भी तय समयसीमा में निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा.
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व पार्षद संदीप साहू, उमाशंकर राम, रामजी शर्मा, देव प्रकाश, एसडी प्रसाद, रामानंद भक्त, सत्येंद्र प्रभात, प्रमोद गुप्ता, उदित यादव, संतोष यादव, प्रभास झा, नकुल गोप, सिमरन मेहरा, श्याम यादव, विनोद शर्मा, संजय शर्मा, रविंदर सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल थे.

