आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सालडीह बस्ती निवासी मोहित लोहार का परिवार इन दिनों गहरी त्रासदी से गुजर रहा है. कैंसर ने इस परिवार से न केवल उसकी खुशियां छीन लीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी पूरी तरह तोड़ दिया है. मोहित लोहार की दोनों आंखें कैंसर के कारण निकालनी पड़ी थीं, और अब उनकी छोटी बेटी भी उसी बीमारी की चपेट में आ गई है.

मोहित लोहार की बेटी की एक आंख कैंसर से संक्रमित होने के कारण ऑपरेशन कर निकालनी पड़ी. परिवार अब पूरी तरह असहाय और कर्ज़ के बोझ तले दब चुका है. इलाज पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, दुकान भी लंबे समय से बंद है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है.
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता ने उनसे संपर्क किया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि यह परिवार कैंसर जैसी भयंकर बीमारी से जूझ रहा है. पहले पिता की आंखें चली गईं, अब मासूम बच्ची को भी वही दर्द सहना पड़ रहा है. समाज के सजग नागरिकों को आगे आना होगा ताकि इस परिवार को मदद मिल सके.
सदानंद होता ने बताया कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के तहत सदर अस्पताल के माध्यम से इलाज की स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बच्ची के इलाज के लिए रांची या बाहर कई दिनों तक रहना पड़ेगा, जिससे रहने, खाने और यात्रा का खर्च काफी बढ़ जाएगा.
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, दानवीरों और गणमान्य व्यक्तियों से अपील की है कि वे आगे आकर इस जरूरतमंद परिवार की सहायता करें. ताकि मोहित लोहार की बच्ची को समय पर बेहतर इलाज मिल सके और परिवार फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सके.

