आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना क्षेत्र के सतबोहनी धीराजगंज में शनिवार सुबह खून से लथपथ युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गिरिडीह निवासी राजेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है. वह बीते सोमवार को ही अपनी पत्नी और बच्चे के साथ गोरांगो मुखी के घर किराए पर रहने आया था.

शनिवार की सुबह मकान से बदबू आने पर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि राजेश कुमार चौधरी का शव खून से लथपथ पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया और आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए हैं.
पूर्व वार्ड पार्षद अभिजीत महतो ने बताया कि मृतक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कुछ दिन पहले ही यहां रहने आया था. घटना के बाद से उसकी पत्नी और बच्चे फरार हैं. उन्होंने हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

