आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आदिवासी कल्याण समिति, आदित्यपुर द्वारा रविवार को इमली चौक स्थित समिति भवन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर ब्रह्मानंद ब्लड बैंक, तामुलिया के सहयोग से आयोजित हुआ. कार्यक्रम में कुल 61 रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 51 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्रित किया गया.

शिविर की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन समारोह के साथ हुई, जिसके बाद रक्तदान का क्रम शुरू हुआ. रक्तदाताओं में युवाओं से लेकर वरिष्ठ सदस्यों तक का उत्साह देखने को मिला. समिति की ओर से प्रत्येक रक्तदाता को पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे रहा था.

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र सुंडी, उपाध्यक्ष डिम्पल लमाय, गंगाराम पूर्ति, बुधराम मुदईया, अर्जुन हाइबुरू, अमर लेयांगी, लालू हाइबुरू, बासु गगराई, कार्तिक और संजीव हेंब्रम सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और ऐसे आयोजन समाज में मानवता, सहयोग और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने कहा कि समिति आगे भी इस तरह के सामाजिक कार्यों का आयोजन करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके और समाज में जन- जागरूकता फैले.

