आदित्यपुर: सिंहभूम बॉयज क्लब एस टाइप दुर्गा पूजा पंडाल का तोरण द्वार शुक्रवार को अचानक गिर गया हालांकि इस घटना से बड़ा हादसा टल गया. आयोजक आनन- फानन में तोरण द्वार के क्षतिग्रस्त ढाचे को दुरुस्त करने में जुट गए हैं.

घटना के बाद थोड़ी देर के लिए सड़क पर अफरा- तफरी मच गई. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह के इंसानी जान- माल का नुकसान नहीं हुआ. बता दें कि शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट लिया और जोरदार बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान तोरण द्वार अचानक भरभरा कर गिर गया.

गौरतलब है कि पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार देर शाम राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और इचागढ़ के पूर्व विधायक रहे अरविंद कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया है. अभी उद्घाटन के 24 घंटे भी नहीं हुए कि अर्धनिर्मित तोरण द्वार का इस तरह से गिर जाना कहीं न कहीं बड़ी लापरवाही उजागर कर रही है. कुछ लोग इसे कारीगरों की लापरवाही मान रहे हैं कुछ इसे अनिष्ट का संकेत मान रहे हैं. फिलहाल पूजा कमेटी युद्धस्तर पर तोरण द्वार को दुरुस्त कराने में जुटी है.

