आदित्यपुर: झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (JALDO) एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों द्वारा बुधवार को संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी बात रखी गई. इसमें मुख्य रुप से अधिवक्ता सह संस्था के संरक्षक ओम प्रकाश, सुनील कुमार स्वाईं, दीपेंद्र नाथ ओझा, डीएन शर्मा और लक्ष्मण प्रसाद शामिल थे.

सभी ने आदित्यपुर नगर निगम सहित पूरे झारखंड में नगर निगम, नगरपालिका एवं नगर पंचायत के चुनाव जल्द से जल्द कराने के लिए झारखंड उच्च न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया. पदाधिकारियों ने कहा कि एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने झारखंड सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को शीघ्र चुनाव कराने के लिए बाध्य किया है, जो लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक कदम है.
जलाडो और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने यह भी मांग रखी कि जब पूरे झारखंड में नगर निकाय चुनाव गैर- राजनीतिक आधार पर कराए जा रहे हैं, तो राज्य के प्रत्येक नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत में मेयर या अध्यक्ष, उपमेयर या उपाध्यक्ष तथा सभी पार्षद भी गैर- राजनीतिक दल के ही होने चाहिए.
इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग से मांग की गई कि शहरी क्षेत्रों में होने वाले सभी चुनावों में भाग लेने वाले प्रत्याशियों से अनिवार्य रूप से शपथ पत्र लिया जाए कि वे किसी भी राजनीतिक दल के पदाधिकारी या सक्रिय सदस्य नहीं हैं. साथ ही यह भी शपथ ली जाए कि निर्वाचित होने के बाद अपने कार्यकाल के दौरान वे किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे और न ही किसी राजनीतिक दल की सभा या बैठक में भाग लेंगे. पदाधिकारियों ने कहा कि इससे सरकार और निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप शहरों के विकास के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना संभव हो सकेगा.
इसके अलावा यह भी जानकारी दी गई कि आदित्यपुर अधिवक्ता संघ और जलाडो का संयुक्त पारिवारिक वनभोज आगामी 18 जनवरी 2026 को जयप्रकाश उद्यान, आदित्यपुर में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में केवल आदित्यपुर अधिवक्ता संघ और जलाडो के सदस्य ही शामिल होंगे. ओम प्रकाश ने दोनों संगठनों की ओर से एकजुट होकर जनहित और विधि व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आगे भी सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही.

