आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड चार की निवर्तमान पार्षद मनोरमा देवी और पूर्व पार्षद सोनू सिंह ने गायत्री नगर में जन सहयोग से वैकल्पिक तालाब छठ घाट का निर्माण कर इस वर्ष छठ महापर्व के लिए पानी भरवा दिया है. इस पहल का उद्देश्य ये है कि वार्ड के श्रद्धालुओं को मुख्य नदी घाट पर भीड़-भाड़ से राहत मिले और सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से छठ पूजा संपन्न कर सकें.

निवर्तमान पार्षद मनोरमा देवी ने बताया कि वार्ड के लोगों की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए यह वैकल्पिक छठ घाट बनाया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्य घाटों पर भारी भीड़ और परेशानी के कारण वार्डवासियों के लिए पूजा करना कठिन हो जाता था. इसलिए वार्ड चार में एक सुरक्षित और सुंदर कृत्रिम छठ घाट का निर्माण किया गया है.
पूर्व पार्षद सोनू सिंह ने कहा कि उन्होंने वार्डवासियों की मांग पर यह परियोजना शुरू की थी और स्थानीय लोगों के सहयोग से इसे पूरा किया गया. उन्होंने यह भी बताया कि तालाब की साफ- सफाई और पानी की भराई की प्रक्रिया समय से पूरी कर दी गई है ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वैकल्पिक घाट बन जाने से वार्ड के लोग अपने ही क्षेत्र में आराम से छठ पूजा कर पाएंगे.
श्रद्धालुओं ने भी घाट की सजावट और साफ-सुथरे वातावरण को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की. इस वैकल्पिक घाट पर पूजा की व्यवस्थाओं के साथ- साथ सुरक्षा और स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा गया है.

