आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आकाशवाणी चौक स्थित आयडा पार्क, जो वर्ष 2003 में तत्कालीन आयडा (अब जियाडा) की एमडी वंदना दाडेल के प्रयास से बना था, अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है. इस पार्क के री-डेवलपमेंट की मांग आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने की है.


उन्होंने जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन से खस्ताहाल पार्क को मॉडर्न पार्क के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है. बुधवार को आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के साथ पुरेंद्र नारायण सिंह ने पार्क का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पार्क दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम समर्पित होना चाहिए, जहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित हो.

उन्होंने कहा कि कोल्हान प्रमंडल के सबसे बड़े आधुनिक पार्क के रूप में यह स्थल विकसित हो और आदिवासी कलाकृतियों के माध्यम से गुरुजी की जीवनी को प्रदर्शित किया जाए. साथ ही उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की भी मांग दोहराई.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि जियाडा पार्क का रीडेवलपमेंट करता है तो वे आपसी सहयोग से शिबू सोरेन की भव्य प्रतिमा स्थापित करेंगे. उन्होंने आदित्यपुर नगर निगम से भी अपील की कि फिलहाल पार्क की साफ- सफाई का कार्य तत्काल शुरू किया जाए.
उन्होंने कहा कि आदित्यपुर के हृदयस्थल आकाशवाणी चौक पर मॉडर्न पार्क का निर्माण विकास को नई दिशा देगा. यह पार्क न सिर्फ स्थानीय लोगों को आकर्षित करेगा बल्कि झारखंड और पड़ोसी राज्यों के सैलानियों के लिए भी एक खास गंतव्य बनेगा. पर्यटन क्षेत्र में भी यह प्रयास मील का पत्थर साबित होगा.

पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि 2003 में बने इस पार्क में आदिवासी कला, संस्कृति और सभ्यता को मूर्तियों के माध्यम से दर्शाया गया था. उस समय पार्क में फाउंटेन, बेंच और लाइट की व्यवस्था थी. लेकिन रखरखाव के अभाव में यह पूरी तरह बदहाल हो चुका है. केवल मूर्तियां ही शेष रह गई हैं. उन्होंने मांग की कि नए पार्क में झारखंडी कला और परंपरा को फिर से उकेरा जाए ताकि आने वाले लोग इसकी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकें.
निरीक्षण के दौरान अरविंद तिवारी, शिक्षाविद एसडी प्रसाद, यदुनंदन राम, देवप्रकाश, नागेंद्र रजक, विमल दास, संतोष यादव और भोला रवानी समेत कई लोग उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
