आदित्यपुर (Kunal Kumar) रविवार देर रात टाटा- कांड्रा मार्ग पर ईएसआईसी डिस्पेंसरी के समीप मुख्य सड़क पर विपरीत दिशा से आ रहे दो स्कूटी सवारों के बीच आमने- सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के राहगीरों के सहयोग से रोड एम्बुलेंस के जरिए दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल भिजवाया. समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी है, न ही पुलिस मौके पर पहुंची है.

घटना देर रात करीब 10:00 बजे की बतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार सर्विस रोड में गड्ढों की खुदाई की वजह से नो एंट्री है. इसी कारण मुख्य सड़क पर एक स्कूटी सवार गम्हरिया की ओर से आदित्यपुर की तरफ जा रहा था, जबकि दूसरा स्कूटी सवार आदित्यपुर की ओर से आ रहा था. ईएसआईसी अस्पताल के समीप दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई जिससे दोनों गार्डवाल से टकराकर घायल हो गए. आसपास के लोगों ने करीब आधे घंटे इंतजार के बाद रोड एंबुलेंस के सहयोग से दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल भिजवाया.

