कांड्रा/ Bipin Varshney पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता के आधार पर एएचपी (ऐश हैंडलिंग प्लांट) विभाग को सर्वश्रेष्ठ विभाग घोषित किया गया.

समारोह के दौरान राजेश महतो और रुहिराम माझी को सबसे सचेत श्रमिक के रूप में सम्मानित किया गया. वहीं कुलदीप महतो और शिवजी शर्मा को सबसे जागरूक इंजीनियर का पुरस्कार दिया गया. मंडल कंस्ट्रक्शन को सुरक्षा जागरूक संवेदक का खिताब मिला.
इसके अलावा सुरक्षा विभाग के गोविंदो घोष और प्रदीप सिंह को आपात स्थिति में सूझबूझ से आग पर नियंत्रण करने के प्रयास के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, संवेदकों और कर्मचारियों के बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया. समापन समारोह की शुरुआत सुरक्षा शपथ के साथ हुई, जिसके बाद सुरक्षा ध्वज फहराया गया.
इस अवसर पर कंपनी के निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने ऑनलाइन संबोधन में “सुरक्षा प्रथम- शून्य दुर्घटना” का संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा हर कर्मचारी का पहला कर्तव्य है और सुरक्षित कार्य वातावरण से सकारात्मक माहौल बनता है.
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी उद्योग के लिए औद्योगिक सुरक्षा सर्वोपरि है. सुरक्षा उपायों को गंभीरता से लागू करने से कार्यस्थल का वातावरण बेहतर होता है और उत्पादकता भी बढ़ती है.
कार्यक्रम में कंपनी के पदाधिकारी एमएन सिंह, राजेश कुमार शर्मा और एनएसपी राव ने भी अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन्स विभाग के प्रमुख बलजीत संसोआ ने किया, जबकि ऑपरेशन्स विभाग के प्रमुख अमल वैद्यया ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

