चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को आयोजित “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम चांडिल, बीडीओ और सीओ नीमडीह उपस्थित थे.

कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को भी सम्मानित किया गया. इसी क्रम में बैंक की ओर से श्रीमती निर्मला देवी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत दो लाख रुपये की क्लेम राशि का चेक प्रदान किया गया. चेक वितरण के पश्चात एसडीएम चांडिल ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई से आमजन का भरोसा बढ़ता है. उन्होंने बैंक को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बधाई भी दी.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुक और ग्रामीण मौजूद रहे. अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया.

