बोकारो: विस्थापितों के नियोजन आंदोलन के बीच रविवार सुबह जिला प्रशासन की पहल पर बोकारो स्टील प्लांट का मुख्य गेट खुलवा दिया गया. पिछले दो दिनों से गेट बंद रहने के कारण कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित थी. चास एसडीएम प्रांजल ढांडा और एएसपी वेदांत शंकर मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से बातचीत के बाद मुख्य गेट खुलवाया. इसके बाद ए शिफ्ट के कर्मचारियों की आवाजाही शुरू हो गई.



एसडीएम प्रांजल ढांडा ने बताया कि प्लांट में जहरीली गैसों की मौजूदगी को देखते हुए संभावित गैस लीकेज की स्थिति सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय थी. आवश्यकता पड़ने पर अन्य गेट भी खुलवाए जाएंगे.
जगुआर, होमगार्ड और जिला बल की तैनाती
एएसपी वेदांत शंकर के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगुआर, होमगार्ड और जिला बल के करीब 150 जवानों को तैनात किया गया है. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी धरना स्थल पर अपना आंदोलन जारी रख सकते हैं, लेकिन प्लांट का संचालन बाधित नहीं होना चाहिए.
इधर, बीएसएल प्रबंधन की ओर से उत्पादन प्रभावित होने के कारण प्रतिदिन करीब 30 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया गया है. विस्थापितों का नियोजन की मांग को लेकर आंदोलन जारी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

