सरायकेला: शारदीय नवरात्र के महासप्तमी पर खरसावां, कुचाई और आमदा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में डूब गया. विभिन्न पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलते ही मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.


सुबह से ही पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए. विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बीच मंत्रोच्चार, शंख ध्वनि और ढाक की गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया.
आकर्षक सजावट से बढ़ी पंडालों की रौनक
खरसावां, कुचाई और आमदा के पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य पूजा मंडप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. शाम होते ही पंडालों की रौनक और बढ़ गई. आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
सप्तमी के साथ दुर्गोत्सव की रौनक अब चरम की ओर बढ़ रही है. अष्टमी, नवमी और विजयादशमी को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है. पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा-अर्चना को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

