जामताड़ा: पटना से टाटा नेक्सन कार चोरी कर भाग रहे एक युवक को जामताड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चोरी की कार भी बरामद कर जब्त कर ली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के सतसाल-बसनली के पास कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ा. गिरफ्तार युवक की पहचान जहानाबाद निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई है.


14 अक्टूबर की रात पटना से चोरी हुई थी कार
मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र से टाटा नेक्सन कार (नंबर यूपी 53 ईजे 3705) चोरी हो गई थी. इस मामले में वाहन मालिक अजय कुमार, निवासी रामकृष्ण नगर, पटना ने 15 अक्टूबर को स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर रामकृष्ण नगर थाना कांड संख्या 1096/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
गुप्त सूचना पर हाईवे पर बढ़ाई गई निगरानी
चोरी की घटना के बाद पुलिस वाहन की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार के झारखंड के जामताड़ा की ओर आने की जानकारी मिली. इसके बाद पटना पुलिस की ओर से जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर
गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर निगरानी बढ़ा दी गई. इसी क्रम में सतसाल-बसनली के पास संदिग्ध कार को रोककर जब्त कर लिया गया और उसे चला रहे मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
कार की बरामदगी और युवक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस घटना में युवक की भूमिका क्या थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

