जामताड़ा: पर्व-त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार की संध्या पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला. जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी.


फ्लैग मार्च दलदला मोड़ से शुरू होकर पांडेयडीह होते हुए मुरली पहाड़ी बाजार तक पहुंचा. इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने प्रमुख सड़कों, बाजार क्षेत्रों और आवागमन वाले स्थानों का भ्रमण किया. फ्लैग मार्च में नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन, इंस्पेक्टर रविन्द्र नाथ यादव, एएसआई अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना, असामाजिक तत्वों के बीच कानून-व्यवस्था के प्रति सख्ती का संदेश देना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है. बाजार एवं प्रमुख मार्गों से गुजरे फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने अपनी सक्रियता और सुरक्षा तैयारियों का भी संदेश दिया.
त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सतर्क है. फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपेक्षा की गई. पुलिस की अपील है कि सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें.
पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

