जामताड़ा: आजाद पाड़ा, दुमका रोड स्थित माय छोटा प्ले स्कूल में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया. मां भगवती की आराधना, पूजन, भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा. कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा, नैतिक मूल्यों और नारी शक्ति के महत्व से भी परिचित कराया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की. इसके बाद मां भगवती की आराधना की गई और जयकारों से वातावरण गूंज उठा. सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने डांडिया नृत्य और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. बच्चों की मनमोहक अदाओं और उत्साह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. इस दौरान मां वैष्णो देवी की महिमा पर आधारित भावपूर्ण नाटिका का मंचन भी किया गया। वहीं, बच्चों को रावण के जीवन और उससे जुड़ी पौराणिक कथा के बारे में जानकारी दी गई. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों को धार्मिक परंपराओं और अच्छाई-बुराई के बीच अंतर समझाने का प्रयास किया गया. उत्सव को और अधिक रचनात्मक बनाने के लिए विद्यालय में नवरात्रि विशेष चित्रांकन एवं कलाकृति प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के आकर्षक चित्र बनाए और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता की शिक्षिकाओं तथा विद्यालय प्रबंधन ने सराहना की.


इस अवसर पर विद्यालय की सचिव किरण मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, अच्छे संस्कार और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है. यही गुण एक बेहतर समाज की नींव रखते हैं. उन्होंने बच्चों को सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी.
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप साहस, शक्ति और नारी सम्मान के प्रतीक हैं. बच्चों द्वारा इन स्वरूपों को प्रस्तुत करना समाज में नारी शक्ति के महत्व को समझाने का एक सुंदर माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी दिया गया. कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों के बीच प्रसाद वितरित किया गया. विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में बच्चों और शिक्षिकाओं के उत्साह एवं योगदान की सराहना की.
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय की प्राचार्य नाजिया परवीन सहित शिक्षिकाएं हीना सिंह, नवोमीता सरकार, पूनम वर्मा और शिल्पी बाउरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

