जामताड़ा: जिले में बिना रजिस्ट्रेशन के सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा और टोटो के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने और अनियमित रूप से संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुकेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) बरकत अंसारी तथा सड़क सुरक्षा टीम की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बिना निबंधन के संचालित हो रहे ई-रिक्शा और टोटो को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया.


अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के निबंधन समेत आवश्यक कागजात की जांच की. जांच में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे टोटो को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई. विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वाले चालकों और मालिकों में हड़कंप मच गया.
बिना निबंधन वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई
डीटीओ मुकेश कुमार और एमवीआई बरकत अंसारी ने टोटो एवं ई-रिक्शा मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध रजिस्ट्रेशन के किसी भी वाहन का परिचालन नहीं करें. सभी वाहन मालिक अपने वाहनों का निबंधन सुनिश्चित कराएं तथा आवश्यक कागजात दुरुस्त रखें. साथ ही, परिवहन विभाग की ओर से निर्धारित नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें.
अधिकारियों ने कहा कि सड़कों पर वाहनों का परिचालन नियमों के अनुरूप होना चाहिए. वाहन चालकों की लापरवाही और नियमों की अनदेखी से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है. ऐसे में वाहन मालिकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने वाहनों को सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही सड़क पर चलाएं.
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील
परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा और टोटो चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों को गंभीरता से लें और अपनी सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें. वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखें तथा सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करें. विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाना है. अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि वाहन चलाने के दौरान नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

