जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया स्थित मैदान में पुलिस ने छापेमारी कर हथियार और गोलियों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविनाथ मछुआ, विनय हरपाल, संतोष, निहाल और अमित कुमार साहू के रूप में हुई है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा और पांच गोलियां बरामद की हैं.


मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फार्म एरिया के मैदान में कुछ लोग हथियार के साथ मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांचों को पकड़ लिया.
सिटी एसपी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से हथियार रखते थे. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस उनके पुराने मामलों और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

