रांची/ चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अपना कुनबा बढ़ाते हुए एक और राजनीतिक चेहरे को पार्टी से जोड़ लिया है. विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुके समाजसेवी खगेन महतो ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया. रांची में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.


बाबूलाल मरांडी ने खगेन महतो को माला पहनाकर स्वागत किया. वहीं, आदित्य साहू ने कहा कि खगेन महतो जैसे जमीनी नेता के आने से ईचागढ़ सहित पूरे सरायकेला-खरसावां जिले में भाजपा को मजबूती मिलेगी.
*चौका में चाय की चुस्की के साथ सियासी मंथन*
भाजपा में शामिल होने के बाद जमशेदपुर जाने के क्रम में बाबूलाल मरांडी का काफिला चौका स्थित खगेन महतो के कार्यालय पहुंचा. यहां दोनों नेताओं ने चाय पर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की. सूत्रों के अनुसार, मरांडी ने ईचागढ़ के राजनीतिक समीकरणों, संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर जानकारी ली.
खगेन महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विकास मॉडल से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है. वे ईचागढ़ में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे.
ईचागढ़ से दो बार चुनाव लड़ चुके खगेन महतो के भाजपा में शामिल होने के बाद क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, इस नए जुड़ाव का चुनावी असर कितना होगा, यह आने वाला समय बताएगा.

