जमुई: बिहार के जमुई जिले में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा नहर के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध बालू लदे आठ ट्रैक्टर जब्त किए, जबकि सात चालकों को गिरफ्तार कर लिया. अचानक हुई कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया.


पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. सुबह करीब सात बजे पुलिस टीम ने लोहंडा नहर के पास ट्रक लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया और बालू लदे ट्रैक्टरों को घेर लिया. इस दौरान आठ ट्रैक्टर जब्त किए गए.
अभियान में डीआईयू की टीम, सार्जेंट राजू कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, अवर निरीक्षक बृजभूषण कुमार समेत पुलिस जवान शामिल थे.
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि आठ ट्रैक्टर जब्त करने के साथ सात चालकों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर ट्रैक्टर मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. अवैध खनन से संबंधित मामला होने के कारण खनन विभाग को भी सूचना दे दी गई है.

