जामताड़ा: जामताड़ा समेत संताल परगना के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. गोड्डा से आसनसोल के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड से परिचालन की स्वीकृति मिल चुकी है. हालांकि, आवश्यक सुरक्षा निरीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही ट्रेन के परिचालन की तिथि घोषित होने की उम्मीद है.


प्रस्तावित समय- सारणी के अनुसार, ट्रेन गोड्डा से सुबह 8:20 बजे रवाना होकर हंसडीहा, मोहनपुर, देवघर, मधुपुर और विद्यासागर होते हुए दोपहर 12:05 बजे जामताड़ा पहुंचेगी. यहां दो मिनट के ठहराव के बाद 12:07 बजे रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन आसनसोल से दोपहर तीन बजे खुलेगी और 3:45 बजे जामताड़ा पहुंचेगी. यहां से 3:47 बजे रवाना होकर रात आठ बजे गोड्डा पहुंचेगी.
दैनिक यात्रियों को मिलेगी राहत
इस ट्रेन के परिचालन से जामताड़ा, विद्यासागर, चित्तरंजन और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आसनसोल आने-जाने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. नौकरी, कारोबार, शिक्षा और इलाज के लिए नियमित यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है.
गौरतलब है कि नौ अक्टूबर को करीब 293.67 करोड़ रुपये की लागत वाली जसीडीह बाईपास रेल लाइन का उद्घाटन किया गया था. इसके बाद गोड्डा- आसनसोल मेमू के प्रस्तावित परिचालन को क्षेत्रीय रेल संपर्क विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. फिलहाल यात्रियों को ट्रेन के परिचालन की आधिकारिक तिथि और अंतिम समय- सारणी की घोषणा का इंतजार है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

