कांड्रा: कांड्रा थाना अंतर्गत पदमपुर टोल मोड़ पर सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान रघुनाथपुर निवासी प्रतिमा पात्रो के रूप में हुई है. घटना के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रतिमा पात्रो पैदल स्कूल जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर संख्या UP70 QT 9936 ने मोड़ पर घूमने के क्रम में बाईं ओर से उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर पड़ीं. हादसे में उनके सिर पर चोट आई और कान से खून निकलने लगा.
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए राहगीरों ने पदमपुर टोल पर खड़े एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच भेजा. घटना की सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

