जामताड़ा: नवरात्र के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित डांडिया महोत्सव 2026 में भक्ति, संगीत और गरबा का अनूठा संगम देखने को मिला. रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी 200 से अधिक महिलाओं ने डांडिया नृत्य कर समां बांध दिया. मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा. कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकार शिल्पी राघवानी की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही.


जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और तरुण गुप्ता के आयोजन में महोत्सव की शुरुआत मां दुर्गा की स्तुति से हुई. सेंट एंथोनी स्कूल की छात्रा ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. वहीं, गुजरात के सूरत से पहुंचीं गायिका अर्चना गोस्वामी ने गणेश वंदना, दुर्गा स्तुति और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना दिया. देर रात तक चले कार्यक्रम में महिलाओं ने डांडिया और गरबा की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया.

आई लव जामताड़ा’ रील प्रतियोगिता में शमीम अंसारी प्रथम
महोत्सव के दौरान ‘आई लव जामताड़ा’ थीम पर आयोजित रील प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने शहर की खूबसूरती और पहचान को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया. प्रतियोगिता में शमीम अंसारी ने प्रथम, रिशव कुमार ने द्वितीय और नित्यानंद रवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. छह वर्षीय कियारा को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में एडीजे-वन, डीएफओ, एसडीपीओ, जामताड़ा थाना प्रभारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रील प्रतियोगिता के माध्यम से महोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

