जमशेदपुर: देवी दुर्गा के आगमन के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था अन्वेषा के तत्वावधान एवं जमशेदपुर महिला समिति के सहयोग से शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित महिला समिति प्रेक्षागृह में ‘आगमनी’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बंगाली संस्कृति, संगीत, कविता और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दुर्गापूजा के उत्साह और धार्मिक आस्था को जीवंत कर दिया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फ्रीडम डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य रहा, जिसने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी.


कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर महिला समिति की पैट्रन ज्योत्सना डे, अन्वेषा की महासचिव अल्पना भट्टाचार्य, शिक्षाविद् जूही समर्पिता, शमिता रक्षित, झरना कर, संगीत शिल्पी अनिंदिता गुप्ता एवं पारोमिता बनर्जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम का संचालन अल्पना भट्टाचार्य ने किया.
वेद मंत्रों से हुआ शुभारंभ, श्रुति नाटक ने किया भावविभोर
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत अनिंदिता गुप्ता, सुमिता घोष एवं सुपर्णा सेनशर्मा द्वारा वेद मंत्रों के पाठ से हुई. इसके बाद निलय मीटर ने कविता पाठ प्रस्तुत किया.
अमित राय, मुनमुन राय, शमिता रक्षित, आशीष गुप्ता, तपती दत्ता एवं सोमा सरकार ने श्रुति नाटक के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर किया. वहीं, अबेरा ने संगीत और समृद्धि तलापात्र ने नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग बिखेरे.
‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य ने बटोरी तालियां
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फ्रीडम डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य रहा. देवी दुर्गा की शक्ति और महिषासुर वध की पौराणिक कथा पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया. बच्चों के नृत्य और भावपूर्ण अभिनय को उपस्थित लोगों ने सराहा.
पूरे आयोजन में बंगाली परंपरा, देवी आराधना और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली. ‘आगमनी’ के माध्यम से कलाकारों ने मां दुर्गा के आगमन की खुशियों को संगीत, साहित्य और नृत्य के जरिए अभिव्यक्त किया.

