देवघर: शहर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता ओंकारनाथ बर्णवाल के घर गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित परिवार के अनुसार चार अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को डराकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब आठ से दस लाख रुपये मूल्य का सामान लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है.


पीड़ित परिवार की महिला मंजू देवी ने बताया कि अपराधी अचानक छत के रास्ते घर में घुस आए. इससे पहले कि परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, अपराधियों ने हथियार दिखाकर सभी को अपने कब्जे में ले लिया. महिला के मुताबिक अपराधियों ने उनके बेटे पर बंदूक तान दी और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है.
हथियार दिखाकर खंगाला घर, जेवरात और नकदी लेकर फरार
पीड़ित महिला के अनुसार अपराधियों ने घर में रखे कीमती सामान की तलाशी ली और सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन तथा नकदी समेट ली. परिवार ने लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये बताई है. हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से वारदात की जानकारी ली. थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने परिवार को आश्वासन दिया कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, सुरेश शाह ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
झामुमो नेता के घर हुई इस वारदात ने शहर में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर अपराधियों के छत के रास्ते घर में प्रवेश करने और हथियार के बल पर लूटपाट करने के आरोपों ने घटना को गंभीर बना दिया है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल हथियारों और लूटे गए सामान की बरामदगी की दिशा में जांच कर रही है.

