गम्हरिया: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर गम्हरिया प्रखंड के पीडीएस दुकानदारों एवं स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं की 9 अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई है. यह बैठक शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे छोटा गम्हरिया स्थित शहनाई भवन में आयोजित होनी थी.


प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि शोक की इस घड़ी में बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. अगली बैठक की तिथि एवं समय की घोषणा बाद में की जाएगी.
पीडीएस दुकानदारों की विभिन्न मांगों पर होनी थी चर्चा
प्रस्तावित बैठक में प्रखंड एवं जिला कमेटी के विस्तार के साथ पीडीएस दुकानदारों की लंबित मांगों पर चर्चा होनी थी. इनमें दुकानदारों का कमीशन 1.50 रुपये से बढ़ाकर तीन रुपये प्रति किलो करने, एक हजार रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि का भुगतान, चना दाल का कमीशन एक रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये प्रति किलो करने तथा 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख थी.
इसके अलावा पीडीएस दुकानदारों के आकस्मिक निधन पर उनके आश्रितों को तीन लाख रुपये की सहायता राशि अंचलाधिकारी अथवा प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराने, नमक एवं चना दाल का क्लोजिंग बैलेंस समाप्त करने तथा ई-पॉस मशीन में दाल, नमक और कपड़ा एक ही रसीद पर निर्गत करने की व्यवस्था लागू करने पर भी चर्चा प्रस्तावित थी.
इन मांगों को जिले के तीनों विधायकों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र के माध्यम से राज्यपाल तक पहुंचाने की योजना थी. बैठक में नवनियुक्त प्रदेश संगठन सचिव एवं गम्हरिया प्रखंड पीडीएस अध्यक्ष रितिका मुखी को सम्मानित भी किया जाना था.
फूलकांत झा ने जताया शोक
पीडीएस के जिला अध्यक्ष, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष सह कोल्हान प्रमंडल संयोजक फूलकांत झा ने रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
वहीं, देव प्रकाश देवता ने सभी पीडीएस दुकानदारों और एसएचजी समूह की महिलाओं से अपील की है कि वे 9 अक्टूबर को निर्धारित बैठक के लिए शहनाई भवन न पहुंचें. नई तिथि की सूचना बाद में जारी की जाएगी.

